सीपत पुलिस की बड़ी रेड, 210 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर । जिले के सीपत थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम धौराकोना में पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 67 हजार रुपये कीमत की 210 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत की गई। सीपत पुलिस ने ग्रामीणों की वेशभूषा में गांव पहुंचकर रेड कार्रवाई की, ताकि शराब कारोबारियों को भनक न लग सके। पुलिस ने मौके पर पंचराम धनुहार और बहोरन सिंह धनुहार को रंगे हाथ शराब बनाते पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान चार बड़े एल्यूमिनियम डेचका और पाइप लगे दो कोपरा भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सीपत पुलिस ने कहा है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।