ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को ग्रामीणों और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उडनताल स्थित अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे कुछ लोग हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 8 हजार 90 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, बोरी-फट्टी, तीन मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष टंडन, हरीश यादव और लक्ष्मण भारद्वाज शामिल हैं। तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।