जमीन विवाद में प्रताड़ना से युवक ने खाया जहर, आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । जिले के सीपत थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़े आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराम यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि बलराम यादव लगातार मृतक कनक पटेल पर घर और जमीन खाली करने का दबाव बना रहा था तथा उसे गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक फरहदा गांव निवासी कनक पटेल ने प्रताड़ना से परेशान होकर कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पत्नी परमेश्वरी पटेल की शिकायत पर पहले अपराध दर्ज किया गया था, बाद में मौत होने पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा 108 बीएनएस भी जोड़ी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने फरार आरोपी बलराम यादव की तलाश शुरू की और उसे गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी विस्तृत जांच जारी है।