यूपीआई से 89,600 रुपए उड़ाने वाला साइबर ठग कोलकाता से गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस
बिलासपुर।ऑनलाइन यूपीआई के
जरिए बैंक खाते से 89,600 रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक मांड पर जेल भेज दिया गया है।
सिटी कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर के अनुसार, एक महिला ने 28 जून 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बैंक खाते से 12 जून 2026 को यूपीआई के माध्यम से 89,600 रुपए का अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर लिया गया। महिला ने बताया कि उसने किसी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान या राशि हस्तांतरण नहीं किया था, इसके बावजूद उसके खाते से रकम निकल गई। शिकायत के आधार पर पुलिस अपराध दर्ज किया। पुलिस ने साइबर
सेल की मदद से मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोलकाता पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू रावत 19 वर्ष निवासी ग्राम सिंद्धपुरा, तहसील विजयपुर, दसवानी, जिला श्योपुर मध्य प्रदेश व वर्तमान निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।