Blog

कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई,सरसेनी प्राथमिक शाला को मिलेगा नया भवन

डीएमएफ से 12 लाख रुपये की स्वीकृति

बिलासपुर/कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी तखतपुर द्वारा प्राथमिक शाला सरसेनी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय का मूल भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है और उपयोग के लिए सुरक्षित नहीं है। भवन की खराब स्थिति के कारण अतिरिक्त कक्ष में कई कक्षाओं का संचालन एक साथ किया जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय में एक ही कमरे में कई कक्षाओं के संचालन संबंधी जानकारी के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। कलेक्टर अग्रवाल के निर्देश पर बीईओ दीपक गुप्ता ने सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि विद्यालय परिसर अहातायुक्त है तथा कुल 41 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वर्तमान में बालवाड़ी एवं कक्षा पहली के बच्चों को आंगनबाड़ी भवन में तथा अन्य कक्षाओं को अतिरिक्त कक्ष में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। जिला प्रशासन की पहल पर जिला खनिज न्यास से विद्यालय भवन निर्माण हेतु 12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नए भवन निर्माण को मंजूरी देते हुए निर्माण एजेंसी को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
नए भवन के निर्माण से सरसेनी के बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा तथा एक साथ कई कक्षाओं के संचालन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिले के सभी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *