Blog

करगी रोड स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के 3 डिब्बे बेपटरी….

बिलासपुर । रेल मंडल के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और आरपीएफ मौके पर पहुंची और ट्रैक बहाली का काम शुरू कर दिया गया।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के दौरान बेपटरी हुए डिब्बों के नीचे एक जेसीबी मशीन का बकेट फंसा मिला, जिसने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के पास चल रहे काम के दौरान जेसीबी का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हालांकि, हादसे की असली वजह को लेकर अभी तक रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आएंगे। फिलहाल रेलवे ने प्राथमिकता के आधार पर राहत और ट्रैक बहाली का कार्य पूरा कर लिया है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *