बाप ने पकड़ा हाथ, बेटे ने चाकू से गोदा, नाबालिग की आंत बाहर निकली
हालत नाजुक,अस्पताल में भर्ती
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास थूकने की बात को लेकर एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार, महिमा नगर निवासी राम कुमार नायक ने सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उनका भांजा शिवम नायक उर्फ शिब्बू उम्र लगभग 15 वर्ष शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों देवरथ साहू और शिवा राव के साथ पोचो ग्राउंड से क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। आदर्श नगर पानी टंकी के पास शिवम सड़क किनारे थूक रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे विभय दास के पैर पर थूक पड़ गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विभय दास ने गाली-गलौज की, जिसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ वहां से आगे बढ़ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद विभय दास अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा। शिकायत के अनुसार, विजय कुमार दास ने शिवम के हाथ पकड़ लिए, जबकि विभय दास ने चाकू से उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंत बाहर निकल आई। घटना के बाद घायल शिवम को उसके दोस्तों ने तत्काल सिम्स अस्पताल, बिलासपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सिरगिट्टी पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर विभय दास और विजय कुमार दास के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुट गई है।
बॉक्स
जरा सी बात पर चलती है चाकू
सिरगिट्टी क्षेत्र में इन दिनों जरा सी कुछ बात होती है तो चाकू चलने लगता है।यही कारण है कि लगातार चाकू चलने के कारण हत्या और अन्य घटनाएं हों चुकी है।जिसमें पुलिस ने कार्रवाई की लेकिन इसके बाद भी युवकों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है।जिसके कारण एक बार फिर से चाकू की घटनाएं बढ़ने लगी है।
बॉक्स
घटना के बाद पुलिस हुई सक्रिय
सिरगिट्टी में चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस की एक बार फिर से लापरवाही उजागर हुई है।गश्त और पेट्रोलिंग नहीं करने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे है।जिसके कारण घटना हो रही है।