Blog

बिलासपुर में पेट शॉप पर वन विभाग का छापा, 4 दुर्लभ कछुए जब्त, संचालक गिरफ्तार

बिलासपुर वन विभाग की राज्य उड़नदस्ता टीम और बिलासपुर वन परिक्षेत्र ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जरहाभाठा स्थित एक पेट शॉप पर छापेमारी कर चार प्रतिबंधित भारतीय छतदार कछुए जब्त किए हैं। टीम ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि मंदिर चौक, जरहाभाठा स्थित “पेट पॉइंट” नामक दुकान में प्रतिबंधित कछुओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए विभाग ने पहले अपने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दुकान भेजा। कर्मचारी ने 1500 रुपये में एक कछुआ खरीदा और जैसे ही बाहर निकला, पहले से तैनात टीम ने दुकान पर दबिश दे दी।

छापेमारी के दौरान दुकान से चार भारतीय छतदार कछुए बरामद किए गए। पूछताछ में संचालक ने बताया कि वह इन कछुओं को नागपुर से लाकर बिलासपुर में बेच रहा था। इसके बाद वन विभाग ने नागपुर वन विभाग को भी मामले की जानकारी भेज दी है, ताकि पूरे नेटवर्क की जांच की जा सके।

वन विभाग के अनुसार भारतीय छतदार कछुआ अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यजीव है। इसके शिकार, खरीद-बिक्री और व्यापार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत पूर्ण प्रतिबंध है। यह प्रजाति नदियों और मीठे पानी के जलाशयों में पाई जाती है और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वन विभाग ने दुकान संचालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *