बारिश के मौसम में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम सतर्क,
रोजाना हो रही पानी की गुणवत्ता की जांच
दूषित पानी की शिकायत मिलते ही विशेष टीम करेगी मौके पर जांच
पाइपलाइन की भी लगातार निगरानी
बिलासपुर।मानसून के दौरान शहरवासियों तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए बिलासपुर नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। बारिश में जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना को देखते हुए निगम रोजाना विभिन्न क्षेत्रों से पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच सिम्स की एचडी टेस्टिंग लैब में करा रहा है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी का समय रहते पता लगाया जा सके।
इसके साथ ही शहर की पेयजल पाइपलाइनों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, जिससे कहीं से भी गंदा पानी सप्लाई न हो। यदि किसी क्षेत्र से दूषित पानी की शिकायत मिलती है, तो नगर निगम की विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करेगी।
फिलहाल मानसून की शुरुआत में दूषित पेयजल की कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है। हालांकि, लगातार बारिश के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था को बनाए रखना नगर निगम के लिए चुनौती होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में निगम की तैयारियों की प्रभावशीलता साफ तौर पर देखने को मिलेगी।