“एक पेड़–एक जीवन” अभियान के तहत बिलासपुर में 100 पौधों का रोपण

बिलासपुर, ।पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन, रायपुर द्वारा संचालित “एक पेड़–एक जीवन” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को बर्जेस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल एवं बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर के परिसर में 100 पौधों का पौधारोपण किया गया। दोनों विद्यालयों में 50-50 पौधे रोपित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन की अध्यक्ष राइट रेव. सुषमा कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और स्वच्छ पर्यावरण, संतुलित जलवायु तथा जैव विविधता के संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और हरित भविष्य की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि बढ़ता वायु प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन आज पूरी मानवता के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरे हैं। इन समस्याओं से निपटने का सबसे सरल, प्रभावी और दीर्घकालिक उपाय व्यापक वृक्षारोपण तथा उनका संरक्षण है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, पर्याप्त ऑक्सीजन और संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
बोर्ड के उपाध्यक्ष नितिन लॉरेंस ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा, “एक पेड़ केवल पौधा नहीं, बल्कि एक जीवन है।” उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का श्रृंगार, मानव जीवन के रक्षक तथा प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं।
इस अवसर पर बोर्ड के सचिव जयदीप aरॉबिन्सन, डायोसिस के उपाध्यक्ष रेव. समीर फ्रैंकलिन, विल्सन लाल, स्मिता बक्श, संदीप मसीह, मनीष जॉर्ज, प्रखर पटेल, रेव. पॉल, तनुजा पॉल, मिशन स्कूल बिलासपुर के प्राचार्यगण, बर्जेस इंग्लिश एवं हिन्दी मीडियम स्कूल के प्राचार्य डॉ. संगम शुक्ला, पर्यावरणविद् अक्षय अलंकारी, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. संगम शुक्ला के नेतृत्व में विद्यालय परिवार का सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा। अंत में छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रत्येक नागरिक से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए एक पेड़ लगाइए, कल एक जीवन बचाइए का संदेश दिया।