क्रेशर मिल में चोरी करने वाले दो आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाली कबाड़ी गिरफ्तार

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने क्रेशर मिल में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाली एक महिला कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोटा शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले का त्वरित खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, रतनपुर निवासी राजकुमार पिता मुरारी लाल गोयल ने 11 अगस्त 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट कोटा स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में चोरों ने धावा बोल दिया।
चोर क्रेशर मिल से एक जैपलेट, एक रोलर, क्रेशर का एक साप्ट, जाली का एक साप्ट, एक जाली, एक टाइगर प्लेट, दो जाली कवरिंग, एक साइट प्लेट सहित अन्य छोटे सामान चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर कोटा थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को रंजीत शिकारी पिता भरत शिकारी, उम्र 25 वर्ष और अमृत शिकारी पिता रामायण शिकारी, उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी बाकीघाट, सोनवानी तालाब के पास कोटा पर संदेह हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेशर मिल में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान मालती मानिकपुरी पति कलेश राम मानिकपुरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी मौहारखार कोटा को बेचने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है।