Blog

रतनपुर में आन-बान-शान से मना स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर थाना प्रभारी ने दी सलामी, घर पहुंचकर माता जी का किया सम्मान*

रतनपुर। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 अगस्त को रतनपुर में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं प्रमुख स्थानों पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।


नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने ध्वजारोहण किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर की ओर से महामाया चौक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने तिरंगा फहराया। भाजपा मंडल रतनपुर द्वारा पुराने बस स्टैंड स्थित ओम स्वीट्स के पास आयोजित कार्यक्रम में नारायण पटेल ने ध्वजारोहण किया।


थाना रतनपुर में पुलिस जवानों ने दी तिरंगे को सलामी
थाना रतनपुर में थाना प्रभारी निलेश पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। पुलिस जवानों ने शस्त्रों के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का वातावरण नजर आया।


हाई स्कूल रतनपुर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया, जहां लवकुश कश्यप ने ध्वजारोहण किया। एनसीसी विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलामी दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला में नगर पालिका उपाध्यक्ष बिनु निराला, शासकीय कन्या मिडिल स्कूल में पार्षद सुनील अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 1 कोरबा भावंर प्राथमिक शाला में एल्डरमैन दिनेश प्रभाकर, शहीद नूतन सोनी मिडिल स्कूल में एल्डरमैन सुरेश सोनी, वार्ड क्रमांक 15 भेलवापारा प्राथमिक शाला में मंडल महामंत्री ज्वाला कौशिक में ध्वजारोहण किया
वार्ड क्रमांक 5 रानीपारा स्कूल एवं आंगनबाड़ी में पार्षद मनोज पाटले, केरापार स्कूल में पार्षद हकीम मोहम्मद तथा सेवा सहकारी समिति कार्यालय में पार्षद शोभा दुबे ने ध्वजारोहण किया।


प्रभात रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह से ही रतनपुर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सजावट और देशभक्ति के नारों के साथ प्रभात रैली निकाली। महामाया पब्लिक स्कूल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय, शहीद नूतन सोनी हाई स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, वेंकटेश विद्या मंदिर, शासकीय कन्या शाला और ड्रीम विवर्स कोचिंग क्लासेस सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रैली में भाग लिया।


हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे रतनपुर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। रैली को देखने के लिए नगरवासियों में भी खासा उत्साह नजर आया।
शहीद नूतन सोनी के परिवार का सम्मान बनी खास पहल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी निलेश पांडे की संवेदनशील एवं भावुक पहल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने शहीद नूतन सोनी की शहादत को नमन करते हुए नूतन चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा को सलामी दी।
इसके बाद थाना प्रभारी उनके घर पहुंचे और शहीद नूतन सोनी की माता जी को मिष्ठान्न, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए शहीद परिवार के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।


थाना प्रभारी की इस पहल को नगरवासियों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
स्वतंत्रता दिवस के पूरे आयोजन के दौरान रतनपुर में उत्सव, उमंग और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा। तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और वीर शहीदों के सम्मान के बीच नगरवासियों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *