Blog

मौत के मुहाने पर सेल्फी लेने वालों पर रतनपुर पुलिस की कार्रवाई….पुलिस ने कराया उठक बैठक…फिर दी चेतावनी

बिलासपुर। खतरे को देखते हुए जिस गेट पर ताला लगा दिया, लोग उसे लांघकर सेल्फी और वीडियो बना रहे थे , हद तो तब हो गई ज़ब कुछ लोग परिवार और बच्चों को लेकर इस खतरे के बीच पहुंच गए। खूंटाघाट वेस्टवियर से सामने आई इन तस्वीरों ने लापरवाही की हद दिखा दी है।

दरअसल ये तस्वीरें हैरान करने वाली हैं… वेस्टवियर के गेट पर बाकायदा ताला लगा है, ताकि लोग आगे न जाएं। लेकिन कुछ लोगों के लिए ये ताला भी खतरे की चेतावनी नहीं बन सका। लोग गेट को लांघकर दूसरी तरफ पहुंच गए और पानी के तेज बहाव के बिल्कुल करीब खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाने लगे। हैरानी की बात ये है कि यहां सिर्फ युवा ही नहीं थे। बच्चे, महिलाएं और परिवार समेत लोग भी खतरनाक जगह पर जाते दिखाई दिए। जिस पानी की रफ्तार के सामने इंसान का कुछ सेकंड भी टिकना मुश्किल है, उसी के किनारे लोग मोबाइल कैमरा लेकर खड़े थे। शायद एक अच्छी तस्वीर के लिए इन्हें अपनी जिंदगी का खतरा नजर नहीं आया। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी मधुलिका सिंह के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गेट लांघकर अंदर पहुंचे लोगों को बाहर निकाला और जमकर फटकार लगाई। सभी को समझाया गया कि गहरे पानी में न जाएं, तेज बहाव के करीब न पहुंचें और रील या सेल्फी के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। लापरवाही करने वालों को मौके पर ही उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी गई।
पुलिस लगातार नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर पर निगरानी रख रही है। लेकिन सवाल सिर्फ पुलिस की निगरानी का नहीं, लोगों की समझदारी का भी है। जब खतरे की वजह से गेट पर ताला लगाया गया है, तो उसे लांघना सिर्फ नियम तोड़ना नहीं, बल्कि खुद अपनी जिंदगी को खतरे में डालना है। याद रखिए… सेल्फी की एक तस्वीर जिंदगी से बड़ी नहीं हो सकती। रील वायरल होगी या नहीं, ये किसी को नहीं पता… लेकिन एक बार पैर फिसला, तो जिंदगी जरूर बदल सकती है। इसलिए बारिश के मौसम में खूंटाघाट समेत सभी नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर से दूरी बनाए रखें।

लापरवाही करने वाले
को कराया गया मौके पर उठक बैठक

लापरवाही करने वाले लोगों को मौके पर ही उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी गई। पुलिस द्वारा लोगों को बारिश के मौसम में नदी-नालों, डेम एवं वेस्टवियर के आसपास जाने से बचने तथा सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड एवं गेट को पार नहीं करने की समझाइश दी गई।

बारिश को लेकर सेल्फी खींचने मजबूर

पुलिस द्वारा लगातार नदी-नालों, डेम एवं वेस्टवियर पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान तेज बहाव एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर न जाएं तथा सेल्फी एवं वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।

पुलिस की अपील

सेल्फी और रील जिंदगी से बड़ी नहीं है। बारिश के मौसम में खूंटाघाट समेत सभी नदी-नालों, डेम एवं वेस्टवियर से दूरी बनाए रखें और स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *