आर 15 स्पोर्ट्स बाइक पर महुआ शराब की तस्करी,मस्तूरी पुलिस ने 33 लीटर कच्ची शराब के साथ युवक को पकड़ा

बिलासपुर । जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब का अवैध परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 लीटर कच्ची महुआ शराब और मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 86 हजार 400 रुपये का सामान जब्त किया है। इसमें अनोखा बात यह है कि युवक महंगी बाइक का इस्तेमाल करके शराब की तस्करी करता था।
मस्तूरी पुलिस के अनुसार एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 15 अगस्त को मस्तूरी थाना की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब लेकर मस्तूरी की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल बंजारे 20 वर्ष पिता रोहित बंजारे, निवासी ग्राम नगाराडीह, थाना चकरभाठा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी सफेद रंग की आर 15 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 बीडब्ल्यू 7912 पर रखी प्लास्टिक की बोरी से 11 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में 3 लीटर के
हिसाब से कुल 33 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ 1.80 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2), 59 (क) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
महंगी बाइक में शराब की करता है तस्करी
पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि वह शराब की तस्करी करने का काम करता है।जिसमें से वह शराब की जरूरत वाले इंसान को जाकर बेचने का काम करता था।बाइक महंगी इसलिए लिए था ताकि कोई पकड़ न सके और आसानी से महुआ शराब की तस्करी भी हो जाए।लेकिन इस बार इसकी होशियारी नहीं चल सकी और आखिरकार पुलिस की चंगुल में फंस गया।