मॉक एक्सरसाइज में परखी जाएगी बाढ़ से निपटने की तैयारी
20 अगस्त को कोरीडेम कोटा में होगा राज्य स्तरीय अभ्यास
बिलासपुर/ जिले में बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 20 अगस्त को राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा प्रशिक्षण मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
दरअसल मॉक एक्सरसाइज 20 अगस्त गुरुवार को सुबह 10.30 बजे कोरीडेम,कोटा में आयोजित की जाएगी। इस दौरान बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विभिन्न विभागों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय तथा त्वरित कार्रवाई की क्षमता का अभ्यास किया जाएगा। अभ्यास के माध्यम से संभावित बाढ़ आपदा के दौरान किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आपात स्थिति में त्वरित निर्णय एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने का अभ्यास किया जाएगा।
आज होगी टेबल टॉप एक्सरसाइज
मॉक एक्सरसाइज से पूर्व 18 अगस्त को टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाढ़ आपदा की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
जनता को जागरूक करना भी मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य
मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आम नागरिकों को आपदा की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से मॉक एक्सरसाइज के दौरान शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
अफवाहों से बचें, केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बिलासपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें।