पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी : मिश्रा

श्री सर्वेश्वरी समूह के वृहद पौधरोपण अभियान में 2125 पौधों का रोपण व निशुल्क वितरण
बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद अघोरेश्वर बाबा गुरुपद संभव राम जी के कुशल निर्देशन एवं सद्प्रेरणा से सर्वेश्वरी पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पौधरोपण को आश्रम परिसर तक सीमित न रखते हुए आमजन को इससे जोड़ना तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण और पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा सेंदरी-कोनी के अघोरपीठ आश्रम के सदस्यों, सर्वेश्वरी समूह, सर्वेश्वरी युवा संगठन, सैनिकों व सेवकों ने शहर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण और पौधा वितरण किया। शासकीय प्राथमिक शाला खैराझिटी, शासकीय माध्यमिक शाला उर्तुम, शासकीय माध्यमिक शाला अलगीडांड पाली, शासकीय हाईस्कूल रैंकी हरदीबाजार, डीएवी स्कूल देवरीखुर्द, शासकीय माध्यमिक शाला झलमला, शासकीय माध्यमिक शाला सीपत, डीएमएसयू प्लांट कछार व आयुष विभाग सहित विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया।
इसके साथ ही बरेला, रानीगांव, परसदा, तिफरा, निरतू, भरवीडीह, रतनपुर, सरकंडा, मोपका, कोनी, सेंदरी, रमतला, बिरकोना, बहतराई, तुरकाडीह, पिपरा, लोफंदी, लोखंडी, सेमरताल, सिंघरी, अमतरा, खैरा, बेलतरा, बगदेवा और सील्ली सहित अनेक क्षेत्रों के ग्रामीणों एवं आम लोगों को 1865 पौधे निशुल्क वितरित किए गए।
इसके अलावा बिलासपुर आश्रम परिसर में 119, पंडरिया आश्रम परिसर में 126 तथा शासकीय प्राथमिक शाला खैराझिटी में 15 पौधे लगाए गए। इस प्रकार अभियान के तहत कुल 2125 पौधों का रोपण एवं निशुल्क वितरण किया गया। अभियान में पपीता, सीताफल, बिही, आंवला, करंज, अनार, आम, नीम, बादाम, खम्हार और कटहल सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
श्री सर्वेश्वरी समूह का यह अभियान संस्था के 19 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि लोगों में वृक्ष संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करना है।
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना तभी सार्थक है, जब उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए।