फुटपाथ होंगे अतिक्रमण मुक्त, पैदल चलने वालों के लिए ही होगा इस्तेमाल : कमिश्नर

बिलासपुर – शहर में फुटपाथ पर अतिक्रमण और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर निगम ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ ही फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने और साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने समीक्षा बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि शहर के फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त होने चाहिए और इनका इस्तेमाल सिर्फ पैदल चलने वालों के लिए किया जाए। इसके लिए ट्रैफिक विभाग के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार बैरिकेड, रस्सी या अन्य उपायों से फुटपाथ को वाहनों से अलग रखने पर भी जोर दिया गया।
बारिश को देखते हुए कमिश्नर ने नाला-नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर निर्माण सामग्री नहीं दिखनी चाहिए और बिना अनुमति निर्माण व अवैध प्लॉटिंग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सुशासन तिहार, कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, पीएमओ ई-समाधान, निदान-1100, लोक सेवा गारंटी और सेवा सेतु पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी शिकायतों और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों, सांसद-विधायक और प्रभारी मंत्री निधि से स्वीकृत कार्यों, आगामी गणेश और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों, न्यायालयीन प्रकरणों और विभिन्न डिजिटल पोर्टलों की भी समीक्षा हुई।कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि निगम के हर विभाग का काम सीधे नागरिकों से जुड़ा है। इसलिए पारदर्शिता, समय-सीमा और जवाबदेही के साथ काम करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।