Blog

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का पेपर लीक, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पेपर लीक कांड का खुलासा करने का दावा किया है।

दरअसल, 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की एजीसीएच-221 कीटशास्त्र परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्न पत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की 100 से अधिक लोगों की टीम जांच में जुटी। कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के जिलों में पुलिस टीमें भेजकर तकनीकी और मैदानी जांच की गई।

जांच में सामने आया कि भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया प्रश्न पत्र लेकर अपने घर गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छोटा छेद कर मोबाइल कैमरे के जरिए प्रश्न पत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्न पत्र की सामग्री तैयार कर अपने कॉलेज के छात्रों अजय नायक समेत अन्य छात्रों को 11 हजार रुपये में बेच दी गई। छात्रों ने आगे इसे अन्य आरोपियों तक पहुंचाया।

पुलिस ने मामले में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया, अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *