पुल के नीचे लावारिस मिला नवजात, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

बिलासपुर। रतनपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिल्ली मोड़ के पास पुल के नीचे एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
रतनपुर के सिल्ली मोड़ के पास पुल के नीचे नवजात मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने बच्चे को लावारिस हालत में देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया।
प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल नवजात का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। वहीं बच्चे की हालत को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी रखी जा रही है।
इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और नवजात को पुल के नीचे छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि बच्चे को यहां छोड़ने वाले तक पहुंचा जा सके।