बिना हेलमेट वाहन चलाना पड़ेगा भारी, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर सघन चेकिंग

बिलासपुर । सड़क हादसों में कमी लाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर पुलिस की विशेष टीमें तैनात कर सघन चेकिंग की जा रही है। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, वहीं नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में थाना प्रभारी, यातायात पुलिस की टीमें और अतिरिक्त बल को अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट पर तैनात किया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को समझाइश देते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 के सड़क हादसों के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की हिस्सेदारी 61.6 प्रतिशत रही, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने के दौरान हुई मौतों में 66 प्रतिशत मामलों में सिर में चोट प्रमुख कारण रही। इसी को देखते हुए पुलिस ने हेलमेट को लेकर सख्ती बढ़ाई है। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन विक्रेताओं को भी चेकिंग प्वाइंट पर हेलमेट स्टॉल लगाने के लिए आमंत्रित किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन चालकों को तत्काल हेलमेट उपलब्ध कराया जा सके।
यातायात पुलिस का यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और शहर के आउटर एरिया में जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क हादसों में होने वाली गंभीर चोट और मौतों को रोकना भी है।