हेलीपेड के पास चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर । रतनपुर में हेलीपेड के पास धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश पर पुलिस ने कार्रवाई की है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
मामला 21 अगस्त का है। रतनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरबाभावर निवासी नवीन इंदूवा हेलीपेड रतनपुर के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर रवाना की।
पुलिस टीम ने हेलीपेड के पास घेराबंदी कर चाकू लहरा रहे आदतन निगरानी बदमाश नवीन इंदूवा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी नवीन इंदूवा, उम्र 24 वर्ष, निवासी कोरबाभावर रतनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। रतनपुर पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने और लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।