महिला झपटमारी गैंग के चोरी के सोने का खरीददार गिरफ्तार

बिलासपुर । रतनपुर में महिला झपटमारी गैंग के खिलाफ चल रही कार्रवाई में पुलिस ने चोरी के सोने के खरीददार को भी गिरफ्तार किया है। कटघोरा के एक सोनार पर झपटमारी कर चोरी की गई सोने की चेन और मंगलसूत्र खरीदने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 तोला यानी 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया है।
रतनपुर पुलिस के मुताबिक, बस में महिलाओं द्वारा झपटमारी कर सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी किए गए थे। इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी का सोना खरीदने वाले कटघोरा निवासी गौतम दुबे के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी गौतम दुबे ने चोरी का करीब 7 तोला सोना खरीदकर उसे गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद कर जब्त किया है। आरोपी की गिरफ्तारी 21 अगस्त को विधिवत की गई।
पुलिस ने आरोपी गौतम दुबे, उम्र 35 वर्ष, निवासी मोहलाईनभाठा कटघोरा, जिला कोरबा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। रतनपुर पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।