रनवे पर 500 मीटर तक नहीं लगा ब्रेक,इमरजेंसी ब्रेक से रोका विमान

बिलासपुर। बिलासा देवी केंवट चकरभाठा एयरपोर्ट में शुक्रवार को दिल्ली से आए एलायंस एयर के विमान की लैंडिंग के दौरान एक टायर फट गया। लैंडिंग के बाद करीब 500 मीटर तक विमान का सामान्य ब्रेक काम नहीं किया। इसके बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका। हादसे के बाद एलायंस एयर की नौ सदस्यीय टीम दिल्ली से बिलासपुर पहुंच चुकी है। वहीं डीजीसीए की टीम हादसे की जांच करेगी।एयरपोर्ट का रनवे करीब 1439 मीटर लंबा है।
जानकारी के अनुसार, विमान की लैंडिंग के दौरान एक टायर फटने के साथ ही तीन अन्य व्हील भी लॉक हो गए। सामान्य ब्रेक नहीं लगने के कारण विमान कुछ दूरी तक रनवे पर आगे बढ़ता रहा। इसके बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल कर विमान को रोक लिया।हादसे के बाद रनवे पर विमान के पहियों के घिसने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि सामान्य ब्रेक नहीं लगने के बाद पहिए करीब 100 मीटर तक रनवे पर घिसते रहे। इससे टायर गर्म होने और रनवे पर मौजूद कंकर-पत्थरों के कारण टायर फटने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
डीजीसीए की जांच के बाद हटेगा विमान
हादसे के बाद विमान फिलहाल रनवे के बीचों बीच खड़ा है। इसके कारण शनिवार की कोलकाता उड़ान भी रद्द करनी पड़ी। एलायंस एयर के इंजीनियरों की नौ सदस्यीय टीम दिल्ली से पहुंचकर विमान की तकनीकी जांच और आवश्यक प्रक्रिया में जुट गई है।
डीजीसीए की टीम एयरपोर्ट पहुंचकर हादसे की जांच करेगी। विमान में तकनीकी खराबी थी या ब्रेकिंग सिस्टम में किसी तरह की समस्या आई, इसकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद ही विमान को रनवे से हटाया जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, विमान को जल्द हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि नियमित उड़ानों पर असर न पड़े।