रियल एस्टेट कंसल्टेंट्स की एकजुटता की दिशा में बिलासपुर में ऐतिहासिक पहल

बिलासपुर कंसल्टेंट यूनियन की प्रथम बैठक एवं लॉन्चिंग संपन्न
बिलासपुर। रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े कंसल्टेंट्स एवं प्रॉपर्टी ब्रोकरों के बीच एकता, आपसी समन्वय, पारदर्शिता और बेहतर कार्य व्यवस्था को लेकर बिलासपुर कंसल्टेंट यूनियन की प्रथम बैठक एवं लॉन्चिंग कार्यक्रम सोमवार को आयोजित किया गया।

शिव टॉकीज चौक स्थित बल्ले-बल्ले रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में शहर के बड़ी संख्या में रियल एस्टेट कंसल्टेंट्स एवं प्रॉपर्टी ब्रोकर शामिल हुए। बैठक में कंसल्टेंट्स के सामने आने वाली विभिन्न व्यावसायिक समस्याओं, कमीशन को लेकर होने वाले मतभेद, क्लाइंट एवं प्रॉपर्टी डील में पारदर्शिता, साइड डील, आपसी विवाद तथा कंसल्टेंट्स के हितों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बिलासपुर कंसल्टेंट यूनियन के गठन को औपचारिक रूप दिया गया। सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी कंसल्टेंट के साथ अन्याय होने की स्थिति में व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि संगठन के माध्यम से संवाद और आपसी सहमति के साथ समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
यूनियन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के हितों तक सीमित न होकर बिलासपुर के समस्त रियल एस्टेट कंसल्टेंट्स एवं प्रॉपर्टी ब्रोकरों के लिए एक मजबूत, निष्पक्ष और सम्मानजनक कार्य वातावरण तैयार करना है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में यूनियन की कार्यप्रणाली, नियम, जिम्मेदारियां और आचार संहिता सामूहिक रूप से निर्धारित की जाएगी, ताकि रियल एस्टेट कारोबार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सहयोग और विश्वास को बढ़ावा दिया जा सके।
आयोजकों के अनुसार, रियल एस्टेट कंसल्टेंट्स एवं प्रॉपर्टी ब्रोकरों को एक साझा मंच पर लाकर उनके व्यावसायिक हितों और आपसी समन्वय के लिए इस प्रकार की पहल बिलासपुर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के रियल एस्टेट क्षेत्र में एक नई दिशा देने का प्रयास है।
बैठक में अधिक से अधिक कंसल्टेंट्स को संगठन से जोड़ने तथा भविष्य में एक मजबूत और व्यवस्थित रियल एस्टेट कंसल्टेंट नेटवर्क तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक का समापन “एकता, सहयोग, सम्मान और पारदर्शिता” के संकल्प के साथ हुआ। सदस्यों ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की यूनियन नहीं, हम सभी की यूनियन है।
एकजुट होंगे, मजबूत होंगे और मिलकर रियल एस्टेट क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।