Blog

एमपी से आए, सर्किट हाउस में ठहरे और फिर डाला वोट,फर्जी वोटिंग का आरोप

बिलासपुर/मुंगेली। छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस के चुनाव के बीच मुंगेली में फर्जी वोटिंग के आरोपों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। स्थानीय युवा कांग्रेस प्रत्याशियों ने मध्यप्रदेश से मुंगेली पहुंचे कुछ युवाओं पर चुनावी प्रक्रिया में नियम विरुद्ध वोटिंग करने का आरोप लगाया है। मामले में दो युवतियों समेत कुल 9 युवाओं के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत के मुताबिक, जिन युवाओं पर आरोप लगाए गए हैं, वे मध्यप्रदेश से मुंगेली पहुंचे थे। बताया गया है कि सभी सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। आरोप है कि बाहरी युवाओं को चुनावी प्रक्रिया में शामिल कर वोट डलवाए गए, जिससे स्थानीय प्रत्याशियों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

30 अगस्त से शुरू हुआ चुनाव

प्रदेश युवा कांग्रेस का चुनाव 30 अगस्त से 29 सितंबर तक होना है। इसी दौरान मुंगेली में बाहरी युवाओं की कथित वोटिंग को लेकर विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए ऐसे लोगों से वोटिंग कराई गई, जो स्थानीय चुनावी प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं थे।

पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

मामले की शिकायत मुंगेली सिटी कोतवाली पुलिस से की गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित युवाओं के मुंगेली आने और सर्किट हाउस में ठहरने से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित युवाओं ने वास्तव में वोटिंग की थी या नहीं और अगर वोट डाला गया, तो वे चुनाव के नियमों के तहत इसके लिए पात्र थे या नहीं।फिलहाल पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवा कांग्रेस चुनाव में वास्तव में फर्जी वोटिंग हुई थी या फिर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *