सिरगिट्टी में अवैध कबाड़ दुकानों पर कार्रवाई….कई चर्चित रसूखदार कबाड़ी पकड़ाए

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने क्षेत्र में चल रही अवैध कबाड़ दुकानों के 10 संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, अवैध कबाड़ दुकान संचालन की जानकारी मिलने के बाद संबंधित संचालकों को थाना लाया गया। यहां अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालित करने के संबंध में पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में शेख तौसिफ, सैय्यद प्रिंस, अमित कश्यप, साहिल खान, अनुप डेविड, राजू चौहान, दीपेश कुमार साहू, अफजल हुसैन, मोहम्मद फिरोज और मोहम्मद इमरान खान शामिल हैं। पुलिस ने सभी 10 संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध कबाड़ कारोबार या अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में की गई। सभी 10 आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया।