चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी चौक में सार्वजनिक जगह पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लोहे का धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक अपराध पतासाजी और भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोदरी चौक में एक युवक हाथ में तेज धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विष्णु सूर्यवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी बोदरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक नग लोहे का चाकू विधिवत जब्त किया। चाकू के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया।