Blog

सितंबर की शुरुआत झमाझम बारिश से, पहले ही दिन 46 मिमी पानी

अगले 2-3 दिन भारी बारिश के आसार, दूसरे सप्ताह मिल सकती है राहत

इस बार सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान

बिलासपुर। सितंबर महीने की शुरुआत जिले में झमाझम बारिश के साथ हुई। मंगलवार को महीने के पहले ही दिन करीब 46 मिमी यानी साढ़े चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। दूसरे सप्ताह में जिले को बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।

लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम होकर 25.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर बेहद कम रहने से मौसम में ठंडक बनी रही।

लो प्रेशर सिस्टम के कारण बढ़ी बारिश
मौसम वैज्ञानिक बीके चिंधालोरे के अनुसार वर्तमान में ओडिशा, झारखंड और पूर्वी बंगाल के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से क्षेत्र में लगातार नमी पहुंच रही है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजरेगा। इसके नजदीक आने के साथ बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना है।

मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद सिस्टम उत्तर प्रदेश की ओर आगे बढ़ जाएगा, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। दूसरे सप्ताह में बारिश अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।

सितंबर में औसतन 10 दिन बरसते हैं बादल
सितंबर में मानसून सक्रिय रहता है, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगती है। बिलासपुर जिले में सितंबर की औसत बारिश 215.5 मिमी है। इस दौरान औसतन 9.8 बारिश वाले दिन और तीन दिन गर्जन वाले होते हैं। महीने में औसत अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहता है।

2023 में हुई थी रिकॉर्ड बारिश
सितंबर में बिलासपुर में सर्वाधिक बारिश वर्ष 2023 में 493 मिमी दर्ज की गई थी। इसी वर्ष 15 सितंबर को 24 घंटे के दौरान 135.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जो सितंबर में 24 घंटे की सर्वाधिक बारिश रही।

इस बार भी मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में बिलासपुर में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। सितंबर की शुरुआत में ही हुई अच्छी बारिश को देखते हुए आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *