Blog

रतनपुर में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। नगर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आठाबिसा तालाब के पास बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से ईश्वर अनंत उर्फ राजू, पिता जग्गू अनंत, उम्र लगभग 48 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ईश्वर उर्फ राजू प्रतिदिन की तरह मंदिर से साइकिल पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीसी रोड पर टूटे हुए बिजली के तार के संपर्क में उनकी साइकिल आ गई। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण वे करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर हुआ था हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, रतनपुर के भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की कुछ रोज पहले इसी स्थान पर बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। अब उसी क्षेत्र में दोबारा एक व्यक्ति की जान चले जाने से मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली के खंभों और तारों के रखरखाव को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद समय पर मेंटेनेंस नहीं कराया गया। लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर जेई राजेंद्र जगत की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और मौके से शव उठाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया वहीं पुलिस के द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से बिजली के तारों और खंभों का तत्काल निरीक्षण एवं मेंटेनेंस कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *