Blog

शिक्षक दिवस पर मैं हूँ साइबर शिक्षक कार्यक्रम के तहत पुलिस ने शिक्षकों का किया सम्मान

1150 स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई तथा क्यूआर कोड एवं सेल्फी स्टैंड के माध्यम से जागरूकता अभियान में कराया गया सहभागिता

बिलासपुर/मुंगेली/छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत जिला मुंगेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में शिक्षक दिवस के अवसर पर मैं हूँ साइबर शिक्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें विद्यार्थियों एवं समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर थाना जरहागांव, सिटी कोतवाली मुंगेली, सरगांव एवं पथरिया पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों का सम्मान किया गया। पुलिस टीमों द्वारा शिक्षकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षकों के घर पहुंचकर भी सम्मान करते हुए उन्हें साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इसी क्रम में थाना सरगांव पुलिस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल सरगांव में लगभग 300, कन्या शाला स्कूल में लगभग 450 तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल सरगांव में लगभग 400, इस प्रकार कुल लगभग 1150 बच्चों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को क्यूआर कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सेल्फी स्टैंड के माध्यम से मैं हूँ साइबर शिक्षक एवं साइबर शिक्षा से साइबर सुरक्षा संदेश के साथ सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता अभियान में सहभागिता की गई।
मुंगेली पुलिस द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर चलाए गए इस विशेष अभियान के माध्यम से शिक्षकों को साइबर शिक्षक की भूमिका निभाते हुए अपने विद्यार्थियों, परिवार एवं समाज को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *