चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । चाकूबाजी और मारपीट के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। तोरवा पुलिस ने चाकूबाजी के प्रकरण में फरार चल रहे 22 वर्षीय आरोपी गुलशन हण्डलेश्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ तोरवा थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह तारबहार थाने के एक मामले में भी फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त को वैशाली अपार्टमेंट में कुछ युवकों के बीच मारपीट, गाली-गलौच और चाकू लेकर विवाद की सूचना मिली थी। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वरुण और अमन हठगेन को गिरफ्तार किया था। वहीं, दूसरे प्रकरण में फरार गुलशन हण्डलेश्कर की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने 4 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार गुलशन के खिलाफ तारबहार थाने में भी मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। उस प्रकरण में भी उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।