Blog

गरीब हितग्राहियों के राशन में गड़बड़ी का आरोप,कोनी के राशन दुकान में 222 क्विंटल चावल की कालाबाजारी की शिकायत

बिलासपुर । मस्तूरी विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोनी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में गरीब हितग्राहियों के राशन में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दुकान में 222 क्विंटल चावल की कथित कालाबाजारी किए जाने का आरोप लगाते हुए मस्तूरी एसडीएम से शिकायत की है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार कोनी की शासकीय उचित मूल्य दुकान की आईडी क्रमांक 402002003 है। दुकान का संचालन सेल्समैन सूरज कुमार पोर्ते द्वारा किया जाता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शासन की ओर से गांव के हितग्राहियों के लिए हर महीने करीब 245 क्विंटल चावल का आबंटन किया जाता है, लेकिन इसमें से करीब 222 क्विंटल चावल की गड़बड़ी कर दी गई। इसके चलते हितग्राहियों को एक महीने का पूरा चावल वितरित नहीं किए जाने का आरोप है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि राशन वितरण में नियमों की अनदेखी की जा रही है। अगले महीने के राशन वितरण के लिए हितग्राहियों से पहले ही एडवांस में फिंगरप्रिंट लगवाने और उसके आधार पर चावल वितरण किए जाने की शिकायत की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे उन्हें अपने हिस्से के राशन को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों की नियमित निगरानी और राशन के स्टॉक की जांच की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों की होती है।इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में चावल की कथित गड़बड़ी सामने आना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने मस्तूरी एसडीएम से दुकान के स्टॉक, वितरण रजिस्टर और ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित सेल्समैन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

वर्जन
शिकायत हुई है जिसकी जांच करने के निर्देश खाद्य विभाग को दिए गए है।जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

शिव कंवर
एसडीएम मस्तूरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *