Blog

कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे 520 नग प्रतिबंधित कफ सिरप,दो आरोपी गिरफ्तार,1.04 लाख रुपये की ऑनरेक्स सिरप जब्त,कार और तीन मोबाइल भी पुलिस के कब्जे में

सप्लाई करने वाले दो आरोपी फरार

बिलासपुर। नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 नग प्रतिबंधित कफ सिरप ‘ऑनरेक्स’ की खेप पकड़ी है। पुलिस ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर काले रंग की कार को रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की से बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इस दौरान काले रंग की कार क्रमांक सीजी 04 क्यूडी 9753 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की खोलने पर उसमें 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप मिला। इसका कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है।पूछताछ के दौरान आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप रखने और उसकी बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सिरप को जब्त कर लिया। कार्रवाई में पुलिस ने कार के साथ तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
यह कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश तथा एएसपी शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *