चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था गुंडा बदमाश, पुलिस ने दबोचा
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दहशतगर्दी करने वाले गुंडा बदमाश को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ज्वाली नाला मेडिकल कॉम्पलेक्स के पीछे मैदान के पास चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि टीकरापारा यादव मोहल्ला निवासी अंकुश यादव 21 मेडिकल कॉम्पलेक्स के पीछे मैदान के पास धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा है। सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी अंकुश यादव को मौके से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 नग धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।