Blog

नींद की गोलियां खाकर स्कूल पहुंची 12वीं की छात्रा

प्रार्थना के दौरान बिगड़ी तबीयत, शिक्षकों ने पहुँचाया अस्पताल

बिलासपुर । सीपत क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा नींद की गोलियां खाकर स्कूल पहुंच गई। प्रार्थना के दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह असहज हो गई। छात्रा की हालत देखकर स्कूल के शिक्षक और सहपाठी उसे तत्काल कमरे में ले गए।

कुछ देर बाद होश आने पर शिक्षिकाओं ने उससे पूछताछ की, तब मामले का खुलासा हुआ। स्कूल में पदस्थ व्याख्याता के अनुसार, बुधवार सुबह प्रार्थना के समय सभी विद्यार्थी स्कूल परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान छात्रा को अचानक चक्कर आने लगा। शिक्षकों और सहपाठियों ने उसे संभालकर कमरे में बैठाया। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर शिक्षिकाओं ने छात्रा से पूछताछ की। छात्रा ने बताया कि उसने नींद की गोलियां खाई हैं। उसके बैग की जांच करने पर गोलियों का रैपर भी मिला। पूछताछ में छात्रा ने यह भी बताया कि वह पहले भी नींद की गोलियां खा चुकी है। इस बार उसने पहले की तुलना में अधिक मात्रा में गोलियां लेने की बात कही। यह जानकारी सामने आते ही स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया। तत्काल छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई और वाहन की व्यवस्था कर उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। कुछ ही देर में छात्रा के
परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल छात्रा की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के कारणों को लेकर परिजन और स्कूल प्रबंधन स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *