Blog

कृषि महाविद्यालय बिलासपुर में एनसीसी के नवीन कैडेटों का नामांकन

देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व के प्रति विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के नवीन कैडेटों के नामांकन की प्रक्रिया उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। यह प्रक्रिया 7 सीजी बटालियन एनसीसी, बिलासपुर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम में कर्नल लोकेश देवा, महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे तथा एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) विनोद कुमार निर्मलकर का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

नवीन नामांकन में महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 46 विद्यार्थियों, जिनमें 32 छात्र एवं 14 छात्राएं शामिल थीं, ने चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। शारीरिक क्षमता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा एनसीसी के प्रति अभिरुचि के विभिन्न पहलुओं के मूल्यांकन के बाद 18 विद्यार्थियों का चयन किया गया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने देशसेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित किया।

चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को एनसीसी की भूमिका, दायित्व और गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महाविद्यालय के वरिष्ठ कैडेट ब्रजेश साहू तथा द्वितीय वर्ष के कैडेट श्वेता सिंह, अमन कुमार, आकाश सिंह राजपूत, ऋतु चौधरी, प्रवीण साहू, ऋषि पाल एवं विकास ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नव-प्रवेशी विद्यार्थियों को एनसीसी की गतिविधियों एवं दायित्वों को समझने में सहायता मिली।

7 सीजी बटालियन की ओर से कैप्टन देवेश कुमार एवं पीआई स्टाफ अर्जुन ने चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाविद्यालय के केयरटेकर ऑफिसर एवं सहायक प्राध्यापक (कीट विज्ञान) डॉ. यशपाल सिंह निराला के कुशल नेतृत्व एवं समन्वय में पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। विद्यार्थियों की योग्यता और क्षमता को प्राथमिकता देते हुए चयन किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को एनसीसी के महत्व और कैडेट के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

एनसीसी का मूल मंत्र “एकता और अनुशासन” युवाओं को राष्ट्र सेवा, नेतृत्व और जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करता है। नव-नामांकित कैडेटों ने एनसीसी की आगामी गतिविधियों में पूर्ण उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लेने का संकल्प लिया।

महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित एवं नव-नामांकित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *