कोरी डैम में लूट का खुलासा, ACCU की मदद से दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में

बिलासपुर। कोटा के पर्यटन स्थल कोरी डैम में लूट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। कार्रवाई कोटा पुलिस ने ACCU की मदद से की।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को एक महिला अपने साथियों के साथ कोरी डैम घूमने गई थी। इसी दौरान तीन युवकों ने उसके साथी के साथ मारपीट कर बैग और मोबाइल लूट लिया था। शिकायत पर कोटा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के नाका चौक कोटा में मोबाइल बेचने के लिए घूमने की सूचना मिली। पूछताछ में लूट की घटना स्वीकार करने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक Poco मोबाइल और घटना में प्रयुक्त Honda Activa जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में गुरजीत सिंह उर्फ बंटी और रामजी यादव शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। कार्रवाई में कोटा पुलिस और ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।