Blog

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय में दिलाई गई स्वच्छता शपथ

बिलासपुर/शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सावित्री त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय शंकर पात्रे के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सावित्री त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि इसे हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं स्वच्छ रहने के साथ अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिवर्ष 100 घंटे अर्थात प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय शंकर पात्रे ने राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉलीथीन का उपयोग बंद करने तथा अपने आसपास प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों सहित छात्र-छात्राओं सहित ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, श्रमदान की भावना और समाज को स्वच्छ बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *