Blog

पल-पल बदल रहे चावल के तेवर

ब्रोकन राईस बन रही पहली पसंद

भाटापारा/बिलासपुर- त्यौहारी मांग की तैयारी और निर्यात की सुगबुगाहट से बारीक धान और बारीक चावल में उबाल आने लगा है। तेजी और यह उबाल इस बार लंबे दिनों तक बने रहने की संभावना है।

बारीक धान में इस बार हर रोज नया भाव सामने आ रहा है। चावल बाजार पहली बार हर मिनट आ रही तेजी को देखकर हैरत में है। यह भी पहली बार देखा जा रहा है कि ब्रोकन राईस डिमांड में सबसे ज्यादा है।


एच एम टी और सियाराम

अरसे से शांत धान एच एम टी अब 3200 से 3400 रुपए क्विंटल पर पहुंच गया है। सियाराम 3800 से 4000 रुपए क्विंटल पर पहुंचने के बाद आगे भी तेजी का संकेत दे रहा है। हमेशा आगे रहने वाले धान विष्णुभोग में सौदे 6000 से 6500 रुपए क्विंटल पर हो रहे हैं। इसमें बेस्ट क्वालिटी का धान रिकॉर्ड 8000 रुपए क्विंटल बोला जा रहा है। 2600 से 2700 रुपए क्विंटल पर मजबूत है महामाया धान, तो 2300 रुपए क्विंटल पर स्थिर है स्वर्णा।


चावल में जोरदार उबाल

दीप पर्व के लिए तैयार हो रहा है चावल बाजार, तो बारीक चावल की चुनिंदा प्रजातियों में निर्यात की सुगबुगाहट से गर्मी आने लगी है। लोकल मार्केट की डिमांड के बाद चावल एच एम टी 6500 क्विंटल पर पहुंचा हुआ है, तो सियाराम चावल में सौदे 7200 से 7500 रुपए क्विंटल पर होने लगे हैं। 10000 से 11050 क्विंटल पर पहुंचा हुआ है चावल विष्णुभोग। यह इसलिए क्योंकि निर्यात की सुगबुगाहट है।


दबदबा बढ़ रहा खंडा का

निम्न आय वर्ग का उपभोक्ता पहले से ही खंडा चावल की खरीदी को प्राथमिकता देता रहा है। अब इसमें मध्य आय वर्ग के उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ा हुआ देखा जा रहा है क्योंकि चल रही कीमत क्रयशक्ति के भीतर ही है लेकिन नई उपभोक्ता मांग के बाद अब खंडा में भी तेजी आने लगी है। एच एम टी चावल का खंडा 4000 से 5000 रुपए क्विंटल। सियाराम चावल का खंडा भी 4000 रुपए से लेकर 5000 रुपए क्विंटल पर पहुंच गया है लेकिन विष्णुभोग चावल का खंडा 4500 से 5000 रुपए क्विंटल पर मजबूती का संकेत दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *