Blog

सेलर सीमांकन विवाद में 14 भू-स्वामियों को नोटिस,6 अक्टूबर को मौके पर रहने के निर्देश

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई तेज

नोटिस को लेकर सरपंच ने उठाए सवाल

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेलर में सीमांकन विवाद को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। तहसीलदार ने सरपंच धनंजय सिंह के भाई धीरज सिंह समेत 14 भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर 6 अक्टूबर को सीमांकन के दौरान मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

तहसीलदार की ओर से जारी नोटिस में धीरज सिंह पिता दशरथ सिंह, रणजीत सिंह, खीर सागर पटेल, इतवारी और अनंदकुंवर समेत 14 ग्रामीणों को प्रतिवादी बनाया गया है। नोटिस के मुताबिक खसरा नंबर 120/1 की मौका जांच और नक्शे से मिलान के दौरान खसरा नंबर 213 पर बनी बाउंड्रीवाल के गेट पर ताला लगा मिला। वहीं अन्य खसरा नंबरों पर कांटा तार लगाए जाने से राजस्व टीम को जांच में परेशानी होने की बात कही गई है।
नोटिस में संबंधित भू-स्वामियों को सीमांकन की कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इधर सरपंच धनंजय सिंह का कहना है कि उन्हें नोटिस 2 अक्टूबर को मिला, जबकि नोटिस पर 28 सितंबर की तारीख दर्ज है। उन्होंने नोटिस में क्रमांक नहीं होने का भी सवाल उठाया है। सरपंच ने इसे बैकडेट का नोटिस बताते हुए कहा कि तहसीलदार फिलहाल छुट्टी पर हैं।

13 अक्टूबर को कलेक्टोरेट घेराव का ऐलान

नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी के घर बैठक की। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसका विरोध किया। इसके बाद ग्राम सेलर में हुई बैठक में कार्रवाई के विरोध में 13 अक्टूबर को कलेक्टोरेट घेराव करने का निर्णय लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *