आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने विश्व आवास दिवस 2026 समारोह को संबोधित किया; ‘सभी के लिए पर्याप्त, किफायती एवं गरिमापूर्ण आवास’ सुनिश्चित करने पर दिया जोर

PMAY-U और PMAY-U 2.0 के तहत 1.25 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत; 1 करोड़ से अधिक आवास महिलाओं के नाम व्यक्तिगत या संयुक्त रूप से
नई दिल्ली,।
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित विश्व आवास दिवस 2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस वर्ष समारोह की थीम “Adequate Housing for All” रही।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि आवास केवल निर्माण का विषय नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान, अवसर और बेहतर जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आवास की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रगति की है और अब लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे।
श्री साहू ने बताया कि PMAY-U और PMAY-U 2.0 के तहत 1.25 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ से अधिक आवास महिलाओं के नाम पर व्यक्तिगत या संयुक्त रूप से हैं, जो महिला सशक्तिकरण, वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक गरिमा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि PMAY-U 2.0 के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास निर्माण एवं खरीद, किफायती किराये के आवास और नवीन आवासीय समाधानों के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है।
श्री साहू ने कहा कि पर्याप्त आवास का अर्थ केवल घर उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जल, स्वच्छता, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सुरक्षित, किफायती और गरिमापूर्ण आवास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने AMRUT एवं AMRUT 2.0 के माध्यम से जलापूर्ति, सीवरेज और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा स्वच्छ भारत मिशन–अर्बन के माध्यम से शहरी स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर श्री साहू ने राज्यों, शहरी स्थानीय निकायों, अधिकारियों और संस्थानों के प्रयासों की सराहना की तथा बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए सामूहिक प्रयासों से ऐसा भारत बनाना है, जहां प्रत्येक परिवार के पास केवल एक घर नहीं, बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन की मजबूत नींव हो।
समारोह में भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर श्री स्टीफन प्रीस्नर, UN-Habitat के क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रभाग के निदेशक श्री पैट्रिक कनागसिंघम सहित केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।