चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन का मोर्चा,ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग,आज निकलेगी गठबंधन की रैली
बिलासपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर देशभर में चल रहे राजनीतिक विरोध के बीच अब बिलासपुर में भी इंडिया गठबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर गंभीर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी, उन्हें पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा की मांग उठाई।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष तथा इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं ने पत्रकार वार्ता में कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद हैं। ऐसे में इनसे जुड़े किसी भी फैसले को लेकर यदि सवाल उठते हैं तो उनकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होना जरूरी है। नेताओं ने आरोपों की जांच और जवाबदेही तय किए जाने की मांग को आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बताया।
यह विरोध ऐसे समय में तेज हुआ है जब इंडिया गठबंधन के नेता राष्ट्रीय स्तर पर भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 6 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला था और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे सहित मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाया था।
बिलासपुर कांग्रेस ने साफ किया कि यह मामला केवल एक व्यक्ति या एक पद तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकार से जुड़ा विषय है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनकी स्वतंत्र समीक्षा से ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
आंदोलन को सड़क तक ले जाने की तैयारी
अब बिलासपुर में आंदोलन को सड़क तक ले जाने की तैयारी है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता गुरुवार को अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालेंगे। रैली के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल के फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग रखी जाएगी।