परिजनो का आरोप, मारपीट और जान से मारने की धमकी से तंग आकर उठाया आत्मघाती कदम,एसपी से कार्रवाई की गुहार

बिलासपुर । तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सांवाडबरा में मारपीट और जान से मारने की कथित धमकी से जुड़ा मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। परिजनों का आरोप है कि एक युवक को लगातार गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे भयभीत होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल यादव समाज के लोगों और परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई और एफआईआर में गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की। एसपी को सौंपे गए आवेदन में संगीत यादव निवासी सांवाडबरा ने बताया कि उनका पुत्र लालू यादव 17 सितंबर को खेत में दवाई छिड़कने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गणेश पंडाल के पास नानू उर्फ युगल जायसवाल द्वारा उसके साथ कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। हंगामा सुनकर लालू की मां मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उसे घर लेकर आईं। परिजनों के अनुसार, अगले दिन 18 सितंबर को भी लालू के
साथ गणेश पंडाल के पास विवाद हुआ। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नानू उर्फ युगल ने लालू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और रॉड से सिर पर वार करने का प्रयास किया। लालू की मां ने बीच-बचाव कर रॉड पकड़ी और बेटे को वहां से घर लेकर आईं। मारपीट में उसके गाल पर चोट के निशान होने का भी दावा किया गया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद लालू बेहद डरा हुआ था। उसने अपने पिता से थाने चलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही और कथित धमकी के चलते अपनी जान को खतरा बताया। आवेदन के मुताबिक, बाद में उसने अपनी बहन को फोन कर कहा कि वह धमकी से बहुत भयभीत है और इसी कारण उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया है। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को बेहद नाजुक बताया है। मामले में 2 अक्टूबर को लालू की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी से संबंधित
सामान्य धाराओं में कार्रवाई की है। अब परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए केवल मारपीट और धमकी की धाराएं पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।यादव समाज के प्रतिनिधियों और परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।