सिगरेट नहीं होने की बात पर युवक ने महिला दुकानदार के सिर पर किया लाठी से वार

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर,,,महामाया कॉलेज बेरियर के पास की घटना, गंभीर चोट लगने पर बिलासपुर रिफर
रतनपुर। नगर के महामाया कॉलेज बेरियर के पास एक दुकान में बैठी महिला पर युवक द्वारा लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दुकान में सिगरेट नहीं होने की बात कहने पर युवक ने कथित तौर पर महिला के सिर पर लाठी से वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरूपा साहू पति संतोष साहू, उम्र लगभग 40 वर्ष, महामाया कॉलेज बेरियर के पास स्थित अपनी दुकान में बैठी थीं। इसी दौरान शिवा नामक युवक दुकान पर पहुंचा और सिगरेट मांगी। महिला दुकानदार ने सिगरेट उपलब्ध नहीं होने की बात कही। आरोप है कि इस बात पर नशे की हालत में युवक ने आपा खो दिया और महिला के सिर पर लाठी से हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट, बिलासपुर किया गया रेफर
हमले में निरूपा साहू के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. विजय चंदेल ने प्रारंभिक उपचार किया। महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
रतनपुर पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल रतनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।