
मोबाइल वापस नहीं मिलने पर 16 साल के किशोर को उठा ले गए सात युवक

घर से बुलाकर ले गए थे आरोपी,परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चंद घंटों में किशोर को बरामद किया
बिलासपुर। मोबाइल वापस नहीं मिलने की बात को लेकर हुए विवाद में सात युवकों ने 16 साल के एक किशोर को उसके घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। किशोर के लापता होने पर परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर किशोर को बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, कस्तूरबा नगर सिंधी कॉलोनी निवासी भुवन श्रीवास ने 18 नवंबर को अपने छोटे भाई के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। 16 साल 3 महीने का किशोर कक्षा 11वीं में पढ़ता है। वह 17 नवंबर की शाम करीब 6.40 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने आसपास तलाश की तो पता चला कि शेख अजुमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ उसे लेकर गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किशोर की जल्द पतासाजी कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस की टीम ने संदेही अज्जू की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके सिंधी कॉलोनी के पास अपने साथियों के साथ घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे और उसके साथियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में शेख अजुमुद्दीन ने अपने साथियों शेख नजीमुद्दीन, निखिल कुशवाहा, अलताफ खान, शेख निशार, मोहम्मद सैफ और एक अन्य अलताफ खान के साथ मिलकर किशोर को ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अपहृत किशोर को बरामद कर लिया।
पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






