
अनसूया आश्रम में मातृशक्ति ने की आंवला नवमी की पूजा,सामूहिक भोजन प्रसाद ग्रहण किया

समग्र ब्राह्मण समाज मातृशक्ति चकरभाठा की महिलाओं ने विधि-विधान से किया पूजन
परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की
बिलासपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर मनाए जाने वाले आंवला नवमी के अवसर पर समग्र ब्राह्मण समाज मातृशक्ति चकरभाठा की महिलाओं ने अनसूया आश्रम में विधि-विधान से आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। पूजन के पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सरोज तिवारी, अंजना पाठक, राजकुमारी द्विवेदी, आरती शर्मा, संगीता तिवारी, सरिता पांडे, अलका पांडे, विवाह पांडे, रानी दुबे, ममता तिवारी और भुनेश्वरी तिवारी सहित समाज की अन्य बहनें उपस्थित रहीं।
आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है आंवला नवमी पर्व
हिंदू धर्म में आंवला नवमी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है। यह पर्व कार्तिक शुक्ल नवमी को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इसी श्रद्धा के साथ इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा, परिक्रमा और दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा है।
‘अक्षय’ का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो। मान्यता है कि इस दिन किए गए पूजा-पाठ, जप, तप और दान-पुण्य का फल अक्षय रहता है। महिलाएं परिवार के सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना से यह पूजा करती हैं। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाने और सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण करने की भी परंपरा है।इस पर्व का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। आंवला औषधीय गुणों से भरपूर फल है और वृक्षों की पूजा की परंपरा भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को भी मजबूत करती है। वृक्ष के नीचे सामूहिक भोजन करना सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और मिल-जुलकर पर्व मनाने की भारतीय परंपरा का प्रतीक भी है।






