
सत्र के अवसर पर अनुपूरक बजट में बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए 103 करोड रुपए की घोषणा करने राज्य शासन से मांग

रनवे विस्तार का 63 करोड रुपए और एटीसी टावर का 40 करोड रुपए का प्रस्ताव 4 महीने से लंबित
बिलासपुर । हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति में मांग की है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अवसर पर प्रस्तुत होने वाले अनुपूरक बजट में बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 103 करोड रुपए स्वीकृत किए जाएं। समिति ने कहा कि रनवे विस्तार के 63 करोड रुपए का प्रस्ताव और नए एटीसी टावर का 40 करोड रुपए का प्रस्ताव 4 महीने से पेंडिंग है।
दरअसल बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के बिना यहां सही हवाई सुविधा दिया जाना लगभग असंभव हो रहा है। बिलासपुर एयरपोर्ट में केवल ऐ टी आर 72 विमान संचालित हो रहे हैं और वह भी गर्मी के मौसम में पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पाते। रनवे विस्तार के लिए 1 साल से भूमि उपलब्ध है परंतु धनराशि की उपलब्धता न होने के कारण इसके निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। लोक निर्माण विभाग के द्वारा 4 महीने पहले से यह प्रस्ताव राज्य सरकार को दिया गया था जो मंत्रालय के स्तर पर पेंडिंग है। इसी के साथ एक एटीसी टावर के निर्माण का प्रस्ताव भी पेंडिंग है बिलासपुर में वर्तमान में स्थाई एटीसी टावर नहीं है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महा धरना आज भी जारी रहा और आगमन के कम से सर्वश्री रवि बनर्जी बद्री यादव अनिल गुलेरी ऋषिराज सिंह गौतम मोहन जायसवाल शिरीष कश्यप प्रकाश बहरानी समीर अहमद बबला देवेंद्र सिंह ठाकुर प्रतीक तिवारी डॉ प्रदीप रही पंकज सिंह ठाकुर संदीप बाजपेई मजहर खान संतोष पीपलवा अखिल अली मोहसिन अली आदि उपस्थित थे।






