
चेक में काट-छांट कर 3.38 लाख का फर्जीवाड़ा,बैंक के दो कर्मचारी और समिति अध्यक्ष गिरफ्तार,गुमा सेवा सहकारी समिति में गड़बड़ी का मामला, शिकायतकर्ता भी जांच के घेरे में


मृत समिति प्रबंधक पर डाली गई थी जिम्मेदारी
बिलासपुर। बिल्हा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 में चेक की राशि में हेराफेरी कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में बैंक के दो कर्मचारियों और सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि जिस राजकुमार बरगाह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जांच में उसकी भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।
पुलिस के मुताबिक, समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में तीन चेक के माध्यम से कुल 3,14,130 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इनमें 15 सितंबर 2025 को 51,900 रुपये, 14 अक्टूबर 2025 को 1,82,080 रुपये और 19 जुलाई 2025 को 80,150 रुपये का भुगतान स्वीकृत था। आरोप है कि हस्ताक्षर के बाद चेक में काट-छांट कर पहली राशि 51,900 से बढ़ाकर 89,900 रुपये, दूसरी 1,82,080 से बढ़ाकर 2,82,080 रुपये और तीसरी 80,150 से बढ़ाकर 2,80,150 रुपये कर दी गई। इस तरह स्वीकृत राशि से 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।
मामले में राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में चेक और समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से कूटरचित चेक को पास करने के लिए हस्ताक्षर किए, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक को निरस्त करने के बजाय उसके आधार पर नकद भुगतान कर दिया।
प्रस्ताव रजिस्टर में काट-छांट,फिर फर्जी तरीके से राशि का आहरण
जांच में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, राजकुमार बरगाह और तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप के माध्यम से कार्यवाही प्रस्ताव पारित कर राशि का आहरण किया गया था। प्रस्ताव रजिस्टर में काट-छांट की जानकारी होने के बावजूद राजकुमार ने इसकी जांच नहीं कराई। तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की 10 सितंबर 2026 को मृत्यु हो गई थी। इसके करीब 15 दिन बाद बैंक कर्मचारियों और मृत समिति प्रबंधक पर जिम्मेदारी डालते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी।
लेखापाल,कैशियर और समिति के अध्यक्ष गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय , कैशियर संजय सिंह बघेल और गुमा सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, इसी मामले में बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जीएल चंद्राकर और प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।






