
पेंड्रा बाईपास के लिए 108.86 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी :- पत्रकारों के आंदोलन की बड़ी जीत

22 पत्रकारों का संघर्ष लाया रंग, पेंड्रा बाईपास निर्माण का रास्ता साफ
धरना आंदोलन से विधानसभा तक गूंजी आवाज, पेंड्रा बाईपास को मिली 108.86 करोड़ की स्वीकृति
बिलासपुर/गौरेला। पेंड्रा शहर को लंबे समय से बाईपास मार्ग की प्रतीक्षा थी। भारी वाहनों के आवागमन और बढ़ते यातायात के दबाव से परेशान नगरवासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर जिला पत्रकार संगठन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा चलाए गए आंदोलन को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 23 नवंबर 2026 को पेंड्रा बाईपास मार्ग निर्माण के लिए 10886.59 लाख रुपये अर्थात 108 करोड़ 86 लाख 59 हजार रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2015-16 के बजट में शामिल इस निर्माण कार्य के लिए पूर्व में 5425.53 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। अब पुनरीक्षित प्राक्कलन के आधार पर स्वीकृत राशि बढ़ाकर 10886.59 लाख रुपये कर दी गई है। इस स्वीकृति के साथ ही पेंड्रा बाईपास निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।
पेंड्रा में बाईपास मार्ग नहीं होने से आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर जिला पत्रकार संगठन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 22 सदस्य 10 जुलाई 2026 को सड़क पर उतर आए थे। पत्रकारों ने तंबू टेंट लगाकर धरना शुरू किया था।
पत्रकारों का कहना था कि वे अपने समाचार माध्यमों के जरिए लगातार शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बाईपास निर्माण की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही थी। आखिरकार जनहित के इस मुद्दे पर पत्रकारों को स्वयं आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
धरना आंदोलन के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया था। इसके माध्यम से पेंड्रा बाईपास की आवश्यकता, शहर में बढ़ते यातायात के दबाव और आम जनता को होने वाली परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। पत्रकारों ने धरना स्थल से लगभग 1000 पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री के नाम डाक के माध्यम से प्रेषित किए थे। इस अभियान का उद्देश्य शासन तक सीधे जनता की आवाज पहुंचाना और बाईपास निर्माण की मांग पर शीघ्र निर्णय कराना था।
पत्रकारों के इस जनहितकारी आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला। अलग-अलग दलों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाई और पेंड्रा बाईपास की मांग को जायज बताते हुए पत्रकारों के आंदोलन का समर्थन किया। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि पेंड्रा में बाईपास मार्ग का निर्माण क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
*विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह ने विधानसभा में उठाई आवाज*
लगभग सप्ताहभर चले धरना आंदोलन के बावजूद जब शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित पहल नहीं हुई, तब छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया।
उन्होंने सदन में कहा कि पेंड्रा के पत्रकार बाईपास की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। पत्रकार अपने व्यक्तिगत हित के लिए कुछ नहीं मांग रहे हैं, बल्कि जनता की सुविधा और क्षेत्र की बड़ी समस्या के समाधान के लिए आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विधानसभा में मामला उठने के बाद शासन स्तर पर हलचल तेज हुई। जिला कलेक्टर विजय दयाराम के. से प्रमुख सचिव एवं वित्त सचिव ने संपर्क किया। इसके बाद प्रशासनिक अमला स्वयं पत्रकार संगठन के धरना स्थल पर पहुंचा और आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि शासन जल्द ही पेंड्रा बाईपास के लिए स्वीकृति प्रदान करेगा। शासन से मिले इस आश्वासन के बाद पत्रकारों ने अपना आंदोलन स्थगित किया था।
23 नवंबर को शासन द्वारा पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के साथ ही पत्रकार संगठन की प्रमुख मांग पूरी होने की दिशा में निर्णायक पहल हुई है। इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पत्रकार संगठन को बधाई देते हुए जनहित के इस मुद्दे पर किए गए संघर्ष के लिए धन्यवाद एवं साधुवाद प्रेषित किया है।
पेंड्रा बाईपास की यह स्वीकृति केवल सड़क निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता, संघर्ष और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है। 22 पत्रकारों का धरना, मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान, विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन और विधानसभा में उठी आवाज ने इस मांग को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासकीय स्वीकृति के बाद तकनीकी स्वीकृति, बजट आवंटन एवं निर्माण संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी होंगी और पेंड्रा को जल्द ही बहुप्रतीक्षित बाईपास मार्ग की सुविधा मिल सकेगी।






