रेलवे कॉलोनियों में मिलेगा साफ पानी, पहली बार टंकियों की सफाई पर खर्च होंगे 1.22 करोड़

तारबाहर से हेमू नगर तक 5 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी राहत
मजदूरों की जगह वैक्यूम पंप और हाई-प्रेशर जेट मशीनों से होगी सफाई
बिलासपुर। रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले 5 हजार से अधिक परिवारों को अब गंदे पानी और उससे होने वाली बीमारियों के खतरे से राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से पानी की टंकियों की सफाई और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने की पहल की है। तारबाहर से हेमू नगर तक रेलवे कॉलोनियों की पानी की टंकियों की सफाई पर पहली बार 1.22 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार टंकियों की सफाई पारंपरिक तरीके से मजदूरों के भरोसे नहीं होगी, बल्कि आधुनिक मशीनों और एंटी-बैक्टीरियल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
रेलवे सेटलमेंट में तारबाहर से लेकर हेमू नगर तक बड़ी संख्या में रेलकर्मियों के आवास हैं। इनमें हजारों परिवार रहते हैं। इन घरों तक पेयजल पहुंचाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में ओवरहेड और भूमिगत टंकियां बनाई गई हैं। लंबे समय तक प्रभावी सफाई नहीं होने के कारण टंकियों की तली में गाद और गंदगी जमा होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसका सीधा असर पानी की गुणवत्ता पर पड़ता है। कई बार रहवासियों को मटमैले पानी की समस्या से भी जूझना पड़ता है। बारिश के मौसम में संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है। रेलवे यूनियनों और कॉलोनीवासियों की ओर से भी इस समस्या को समय-समय पर उठाया जाता रहा है।
मजदूर नहीं, मशीनों से होगी टंकियों की सफाई
नई व्यवस्था में टंकियों के भीतर जमा गाद निकालने के लिए वैक्यूम पंप का इस्तेमाल होगा। वहीं दीवारों और तली की सफाई हाई-प्रेशर जेट मशीनों से की जाएगी। इसके बाद एंटी-बैक्टीरियल ट्रीटमेंट भी किया जाएगा, ताकि बैक्टीरिया और संक्रमण का खतरा कम किया जा सके। इस तकनीक से बड़ी और भूमिगत टंकियों की सफाई अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी।
तीन साल तक एजेंसी की रहेगी जिम्मेदारी
रेलवे प्रशासन ने टंकियों की सफाई के लिए तीन साल की अवधि का प्रावधान किया है। एजेंसी चयन की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद नए साल से निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफाई शुरू होगी। प्रत्येक टंकी की सफाई की तारीख और अगली सफाई का समय रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इससे नियमित निगरानी के साथ एजेंसी की जवाबदेही भी तय हो सकेगी।
इन कॉलोनियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस योजना का लाभ तारबाहर, चुचुहियापारा, एनई कॉलोनी, बंगला यार्ड और हेमू नगर सहित रेलवे के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को मिलेगा। नियमित सफाई होने से पेयजल की गुणवत्ता में सुधार और गंदगी के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा कम होने की उम्मीद है।
वर्जन
रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले रेलकर्मियों और उनके परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टंकियों की आधुनिक मशीनों से नियमित सफाई की व्यवस्था की जा रही है। वैक्यूम पंप, हाई-प्रेशर जेट और एंटी-बैक्टीरियल ट्रीटमेंट के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी।
अनुराग सिंह, सीनियर डीसीएम, बिलासपुर रेल मंडल





